Wednesday, February 6, 2019

न्यूजीलैंड ने भारत को 80 रन से हराया, 3 मैच की सीरीज में 1-0 से आगे; स्कोरकार्ड देखें

न्यूजीलैंड ने तीन मैच की सीरीज के पहले टी-20 में बुधवार को भारतीय टीम को 80 रन से हरा दिया। भारत ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। हालांकि, कप्तान रोहित शर्मा का यह फैसला सही नहीं साबित हुआ। न्यूजीलैंड ने ओपनर कॉलिन मुनरो और टिम सिफर्ट की तेज पारियों के दम पर 20 ओवर में 6 विकेट पर 219 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 19.2 ओवर में 139 रन पर ऑलआउट हो गई। टी-20 में रन के लिहाज से भारत की यह सबसे बड़ी हार है। भारत का न्यूजीलैंड में मेजबान टीम के खिलाफ यह तीसरा टी-20 मुकाबला था। टीम इंडिया एक में भी जीत नहीं पाई है।

सिफर्ट ने 84 में से 64 रन बाउंड्री से बनाए

न्यूजीलैंड की ओर से सिफर्ट ने सबसे ज्यादा 84 रन बनाए। उन्होंने 43 गेंद की अपनी पारी में सात चौके और छह छक्के लगाए। वे मैन ऑफ द मैच चुने गए। उनके अलावा मुनरो ने 20 गेंद में 34 रन, कप्तान केन विलियम्सन ने 22 गेंद में 34 रन, रॉस टेलर ने 14 गेंद में 23 रन और स्कॉट कुगेलजिन ने 7 गेंद में 20 रन की पारी खेली। भारत की ओर से हार्दिक पंड्या ने 51 रन देकर 2 विकेट लिए। वहीं, भुवनेश्वर कुमार, खलील अहमद, क्रुणाल पंड्या और युजवेंद्र चहल के खाते में एक-एक विकेट आए।

भारतीय टीम की खराब शुरुआत

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत की शुरुआत खराब रही। कप्तान रोहित शर्मा पारी की 14वीं गेंद पर ही पवेलियन लौट गए। वे पांच गेंद खेलकर सिर्फ एक रन ही बना पाए। 77 रन तक उसके छह खिलाड़ी पवेलियन लौट चुके थे। महेंद्र सिंह धोनी 39 रन बनाकर भारत के टॉप स्कोरर रहे। उनके अलावा शिखर धवन ने 29, विजय शंकर ने 27 और क्रुणाल पंड्या ने 20 रन की पारी खेली। इन चारों के अलावा भारत को कोई भी बल्लेबाज दहाई के अंक तक नहीं पहुंच पाया। रोहित, भुवनेश्वर कुमार, युजवेंद्र चहल और खलील अहमद एक-एक रन ही बना पाए। न्यूजीलैंड की ओर से टिम साउदी ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। उनके अलावा लॉकी फर्ग्युसन, मिशेल सैंटनर और ईश सोढ़ी ने 2-2 खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा। डेरिल मिशेल को एक विकेट मिला।

ऐसे गिरे भारतीय टीम के विकेट

पहला विकेट (2.2 ओवर) : टिम साउदी की शॉर्ट गेंद को रोहित शर्मा ने पुल करने की कोशिश की। हालांकि, गेंद उनके बैट के बीच में नहीं आ पाई और लॉकी फर्ग्युसन ने डीप स्क्वायर लेग से आगे की ओर दौड़ते हुए उनका कैच पकड़ लिया। इस समय भारतीय टीम का स्कोर 18 रन ही था।

दूसरा विकेट (5.3 ओवर) : शिखर धवन ने एक गेंद पहले ही चौका जड़ा था, लेकिन लॉकी फर्ग्युसन की यह गेंद यॉर्कर थी। धवन ने बैट और पैड की मदद से इसे खेलने की कोशिश की। हालांकि 151 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली फर्ग्युसन की यह गेंद उनका स्टम्प ले उड़ी।

तीसरा विकेट (8.2 ओवर) : मिशेल सैंटनर को ऋषभ पंत का विकेट लेने में किसी की मदद नहीं लेनी पड़ी। उनकी यह गेंद यॉर्कर थी। ऋषभ ने अपना बल्ला अड़ाने की कोशिश की, लेकिन गेंद स्टम्प में जा लगी। ऋषभ चार रन ही बना पाए। इस समय टीम का स्कोर 64 रन ही था।

चौथा विकेट (8.4 ओवर) : विजय शंकर ने सैंटनर की इस गेंद को उनके सिर के ऊपर से खेलने की कोशिश की। हालांकि, गेंद उनके बल्ले के बीचोंबीच नहीं आई और लॉंग-ऑफ पर खड़े कोलिन डी ग्रैंडहोम ने आसान कैच लपक लिया। टीम के खाते में सिर्फ एक रन ही और जुड़ पाए थे।

पांचवां विकेट (10.2 ओवर) : ईश सोढ़ी का यह पहला ओवर था। दिनेश कार्तिक ने स्लॉग स्वीप कर गेंद को बाउंड्री के पार भेजने की कोशिश की। हालांकि, वे गेंद उनके बल्ले का ऊपरी किनारे पर लगी और मिडविकेट पर खड़े टिम साउदी ने थोड़ी मशक्कत के बाद उनका कैच पकड़ लिया। भारत की आधी टीम 72 रन पर पवेलियन लौट चुकी थी।

छठा विकेट (10.6 ओवर) : सोढ़ी के ओवर की आखिरी गेंद फुललेंथ और बाहर की ओर जा रही थी। हार्दिक पंड्या ने इसे डीप एक्सट्रा कवर की ओर खेलने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। डेरिल मिशेल ने बाउंड्री लाइन पर आसानी से उनका कैच पकड़ लिया। पंड्या चार रन ही बना पाए। हार्दिक के आउट होने के समय भारत का स्कोर 77 रन था।

सातवां विकेट (16.6 ओवर) : टिम साउदी ने अपने तीसरे ओवर की आखिरी गेंद फुल-टॉस फेंकी। क्रुणाल ने इसे पुल करने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके बल्ले का अंदरुनी किनारे से छूती हुई विकेट के पीछे गई। विकेटकीपर टिम सिफर्ट ने अपने बाईं ओर दौड़ते हुए शानदार कैच पकड़ लिया। क्रुणाल ने महेंद्र सिंह धोनी के साथ मिलकर इस विकेट के लिए 52 रन जोड़े।

आठवां विकेट (17.5 ओवर) : लॉकी फर्ग्युसन की इस गेंद पर भुवनेश्वर ने ड्राइव करने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके बल्ले का निचला किनारा छूते हुई विकेटकीपर टिम सिफर्ट के दाहिने ओर उछली। सिफर्ट ने भी छलांग लगाते हुए कैच पकड़ लिया। इस टीम का स्कोर 132 रन था।

नौवां विकेट (18.6 ओवर) :  टिम साउदी की यह गेंद थोड़ी शॉर्ट थी और मिडिल स्टम्प की ओर आ रही थी। महेंद्र सिंह धोनी ने इसे पुल करने की कोशिश की। गेंद उनके बल्ले से लगती हुई डीप स्क्वायर लेग में खड़े फर्ग्युसन के हाथों में पहुंच गई। टीम के खाते में चार रन ही और जुड़ पाए थे।

दसवां विकेट (19.2 ओवर) :  डेरिल मिशेल की यह गेंद फुल टॉस थी। युजवेंद्र चहल ने लॉंग-ऑन की ओर स्लॉग करने की कोशिश की, लेकिन वे चूक गए और गेंद उनका विकेट ले उड़ी। इसके साथ ही भारतीय टीम 80 रन से मैच हार गई।

No comments:

Post a Comment